'फोन स्विच ऑफ, चिट्ठी का जवाब नहीं': झारखंड के मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अफसरों के रवैये पर जताई नाराजगी
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई। कहा कई अफसर विधायक-सांसदों के पत्रों का जवाब नहीं देते, फोन स्विच ऑफ रखते हैं। 2021 के सरकारी आदेश के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी। मंत्री ने अपर मुख्य सचिव और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
रांची। झारखंड सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य के कई अधिकारियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये पर नाराजगी जताई है। मंत्री ने कहा कि कुछ अफसर जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब तक नहीं देते और फोन भी नहीं उठाते।
इस मामले को लेकर उन्होंने मंत्रिमंडल एवं समन्वय विभाग के अपर मुख्य सचिव और विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा है।
'अफसर अहंकार में, फोन स्विच ऑफ कर देते हैं'
पत्र में मंत्री ने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि अधिकारी सांसदों और विधायकों के पत्रों का समय पर जवाब नहीं दे रहे। फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं की जाती या मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया जाता है। उन्होंने इसे अफसरों का अहंकार बताया।
मंत्री ने याद दिलाया कि 2021 में मंत्रिमंडल सचिवालय ने सभी विभागों को निर्देश दिया था कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का समयबद्ध जवाब दिया जाए और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। इसके बावजूद स्थिति नहीं सुधरी है।
लोकतंत्र के लिए सही संकेत नहीं
राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे में सरकारी निर्देशों की अनदेखी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि केंद्र और राज्य के शिष्टाचार नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। मंत्री ने चेताया कि अगर जनप्रतिनिधियों की लगातार उपेक्षा हुई तो विधायिका और कार्यपालिका के बीच दूरी बढ़ेगी, जो लोकतंत्र के लिए हानिकारक होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
टिप्पणियाँ (0)