UP 2027 मिशन: सपा का 'ऑपरेशन मिलन' लॉन्च, बूथ स्तर पर वोटर से सीधी कनेक्टिविटी और बीजेपी के धार्मिक एजेंडे पर पलटवार की तैयारी...
UP 2027 चुनाव के लिए सपा ने 'ऑपरेशन मिलन' शुरू किया। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर हर वोटर से मिलने का निर्देश दिया। पार्टी राम मंदिर चंदे और एनकाउंटर के मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमला करेगी। PDA वर्ग को साधने के लिए बुकलेट भी बांटी जाएगी। सपा का लक्ष्य 2012 जैसी वापसी करना है।
लखनऊ। 2027 में उत्तर प्रदेश की सत्ता वापस पाने के लिए समाजवादी पार्टी ने जमीन से काम शुरू कर दिया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं के लिए 'ऑपरेशन मिलन' नाम की नई मुहिम छेड़ी है।
इस प्लान के तहत सपा के सभी पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक जाकर हर वोटर और उनके परिवार के मुखिया से सीधे मिलना होगा। पार्टी का फोकस दिखावे पर नहीं बल्कि जमीनी काम पर होगा। सपा के थिंक टैंक को उम्मीद है कि इस कवायद से पार्टी 2012 जैसी वापसी कर सकती है।
'ऑपरेशन मिलन' में क्या होगा खास
हालांकि मुहिम का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है, लेकिन जिलों में हो रहे सम्मेलनों में इसका जिक्र शुरू हो गया है। 2 दिन पहले संभल में हुए PDA सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भी कार्यकर्ताओं से कहा कि 2027 की लड़ाई के लिए अभी से बूथ मजबूत करो। हर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुने।
सपा नेतृत्व का साफ निर्देश है - किसान, युवा, महिला और गरीब की आवाज बनो। उन्हें भरोसा दिलाओ कि सपा सरकार बनने पर रोजगार, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण को फिर से प्राथमिकता मिलेगी।
बीजेपी के धार्मिक मुद्दे पर सपा का जवाब
सपा की रणनीति बीजेपी को उसी के मुद्दे पर घेरने की है। पार्टी का प्लान है कि जिन इलाकों में राम मंदिर के लिए चंदा वसूली हुई थी, वहां जाकर लोगों को "चंदा चोरी" के आरोपों के बारे में बताया जाएगा। सपा कहेगी कि आपकी धार्मिक भावनाओं और मेहनत की कमाई का गलत इस्तेमाल हुआ।
इसके साथ ही पार्टी एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे को भी घर-घर पहुंचाएगी। सपा पहले ही 'PDA वर्ग पर अत्याचार' नाम की बुकलेट जारी कर चुकी है। पार्टी का दावा है कि जिन लोगों के एनकाउंटर हुए या घर तोड़े गए, उनमें सबसे ज्यादा संख्या पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA वर्ग की है। इस बुकलेट को बूथ स्तर तक बांटकर सपा पीड़ित परिवारों से सहानुभूति जुटाने की कोशिश करेगी।
कुल मिलाकर सपा 2027 की लड़ाई को बूथ से लेकर भावनात्मक मुद्दों तक ले जाने की तैयारी में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
टिप्पणियाँ (0)