सिवान की बेटी श्रेया कौशिक का कमाल: अमेरिका की 3 करोड़ की लिंकन स्कॉलरशिप जीतकर रचा इतिहास...
बिहार के सिवान की 18 वर्षीय श्रेया कौशिक ने अमेरिका के Centre College की 3 करोड़ रुपये की Lincoln Scholarship जीत ली है। दुनिया भर से चुने गए 10 छात्रों में वह अकेली भारतीय हैं। सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर अमेरिका जाने वाली श्रेया का खर्च, पढ़ाई से लेकर हवाई सफर तक, सब कॉलेज देगा। श्रेया का लक्ष्य शिक्षा से समाज की सेवा करना है।
सिवान। बिहार की मिट्टी से निकली एक और बेटी ने दुनिया में परचम लहराया है। सिवान की 18 साल की श्रेया कौशिक को अमेरिका के नामी Centre College की प्रतिष्ठित Lincoln Scholarship मिली है। इस स्कॉलरशिप की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये है।
इस साल पूरी दुनिया से सिर्फ 10 स्टूडेंट्स इस स्कॉलरशिप के लिए चुने गए हैं और उनमें श्रेया अकेली भारतीय हैं।
सरकारी स्कूल से ग्लोबल मंच तक का सफर
श्रेया का जन्म सिवान में हुआ और शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के सर्वोदय कन्या विद्यालय, आया नगर से की। उनकी प्रतिभा को Dexterity Global के फाउंडर शरद विवेक सागर ने पहचाना। संस्था ने लीडरशिप, डिबेट और उच्च शिक्षा के लिए श्रेया को विशेष ट्रेनिंग दी।
शरद विवेक सागर ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए लिखा, "श्रेया की कामयाबी साबित करती है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर कोई भी छात्र किसी भी बैकग्राउंड से दुनिया में अपनी जगह बना सकता है।"
क्या है लिंकन स्कॉलरशिप
यह स्कॉलरशिप अमेरिका के 16वें राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन के नाम पर दी जाती है। इसे उन छात्रों को दिया जाता है जो पढ़ाई, नेतृत्व और समाज सेवा में बेहतर हों। हर साल हजारों आवेदन आते हैं, लेकिन चुनिंदा छात्रों का ही चयन होता है।
स्कॉलरशिप में क्या-क्या मिलेगा
Centre College श्रेया की 4 साल की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाएगा। इसमें शामिल हैं:
- ट्यूशन फीस
- हॉस्टल और खाना
- किताबें और हेल्थ इंश्योरेंस
- हवाई यात्रा और अन्य जरूरी खर्च
"समाज के लिए करना है काम"
इस उपलब्धि पर श्रेया ने कहा, "एक साधारण परिवार और सरकारी स्कूल से आकर इतनी बड़ी स्कॉलरशिप मिलना मेरे लिए सपने जैसा है। मैं चाहती हूं कि अपनी शिक्षा का इस्तेमाल देश और समाज की तरक्की के लिए करूं।"
श्रेया की इस सफलता पर पूरे बिहार में खुशी की लहर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
टिप्पणियाँ (0)