2027 की तैयारी में जुटी बसपा..आकाश आनंद मैदान में, सादाबाद से ब्राह्मण चेहरे पर दांव
2027 विधानसभा चुनाव से पहले बसपा ने कमर कस ली है। मायावती मंडल-स्तर की बैठकें कर बूथ तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का निर्देश दे रही हैं। नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद 10 अगस्त को हाथरस की सादाबाद सीट पर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसी दिन ब्राह्मण नेता डॉ. अविन शर्मा को विधानसभा प्रभारी बनाने की तैयारी है। जाट-बहुल सादाबाद सीट पर बसपा सर्वजन समीकरण साधने में जुटी है।
लखनऊ: 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सभी दलों ने मोर्चा संभाल लिया है। बसपा सुप्रीमो मायावती भी लगातार बैठकें कर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटी हैं।
बूथ से मंडल तक फोकस
पार्टी की हालिया बैठकों में तय हुआ है कि अब जोर मंडलीय बैठकों और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को एक्टिव करने पर होगा। इसकी जिम्मेदारी सीधे पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
10 अगस्त को सादाबाद में आकाश आनंद
राजनीतिक गलियारों में आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चर्चा तेज है। बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर 10 अगस्त को हाथरस की सादाबाद विधानसभा में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
सोशल मीडिया पर युवाओं से सीधे जुड़ाव की वजह से बसपा इस बार युवा वोटरों को साधने के लिए आकाश को आगे कर रही है।
ब्राह्मण चेहरे पर दांव
सूत्रों के मुताबिक, इसी कार्यक्रम में डॉ. अविन शर्मा को सादाबाद का विधानसभा प्रभारी घोषित किया जा सकता है। बसपा का ट्रेंड रहा है कि जिसे प्रभारी बनाया जाता है, उसी सीट से चुनाव भी लड़वाया जाता है।
डॉ. शर्मा ब्राह्मण समाज से आते हैं। पार्टी का संदेश साफ है - हमने हमेशा ब्राह्मण समाज को सम्मान दिया है। बसपा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की पार्टी है।
सादाबाद का जातीय गणित
2017 में यहां से बसपा के रामवीर उपाध्याय जीते थे। अभी ये सीट RLD के प्रदीप सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी के पास है। सादाबाद में सबसे ज्यादा जाट वोटर हैं, उसके बाद ब्राह्मण और फिर दलित वोटरों की संख्या है। इसी समीकरण को साधने के लिए बसपा ने नई रणनीति बनाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)