कुशीनगर को योगी सरकार की बड़ी सौगात: 525 करोड़ की 464 परियोजनाओं का शिलान्यास...
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर, रामकोला और हाटा के लिए 525 करोड़ की 464 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और पर्यटन शामिल हैं। ODOP, मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और स्वयं सहायता समूहों से जिले में रोजगार और विकास को नई गति मिली है।
भगवान बुद्ध की पावन धरती कुशीनगर अब विकास की नई ऊंचाई छू रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के कुशीनगर, रामकोला और हाटा विधानसभा क्षेत्र को 525 करोड़ रुपये से अधिक की 464 विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
इन परियोजनाओं का मकसद सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
विधानसभावार मिली परियोजनाएं
- कुशीनगर सदर: 251 करोड़ की लागत से 197 परियोजनाएं
- रामकोला: 112 करोड़ की लागत से 122 परियोजनाएं
- हाटा: 161 करोड़ की लागत से 145 परियोजनाएं
किसानों को ODOP और चीनी मिलों से फायदा
कृषि प्रधान कुशीनगर में गन्ना, केला, धान और सब्जी की खेती होती है। सरकार ने जिले को ODOP योजना के तहत केले से बने उत्पादों के लिए चुना है। इससे स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिला है। जिले की 4 चीनी मिलों को आधुनिक कर उनकी पेराई क्षमता बढ़ाई गई है, जिससे गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
पीएम किसान योजना से 6.72 लाख किसानों को मदद
पीएम किसान सम्मान निधि से जिले के 6 लाख 72 हजार 837 किसानों को सीधी आर्थिक सहायता मिल रही है। कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यहां महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का निर्माण तेजी से चल रहा है।
स्वास्थ्य और पर्यटन को बूस्ट
स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए नया राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किया गया है। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के शुरू होने से विदेशी पर्यटक अब सीधे यहां पहुंच रहे हैं। मार्च-अप्रैल 2026 में यहां हुए इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव ने जिले की वैश्विक पहचान और मजबूत की।
महिलाओं और युवाओं को रोजगार
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में 18,938 स्वयं सहायता समूह बने हैं, जिनसे 2 लाख 8 हजार 858 महिलाएं जुड़ी हैं। पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम से 550 युवाओं को स्वरोजगार का मौका मिला है।
योगी सरकार का दावा है कि विरासत और विकास को साथ लेकर चलने वाला कुशीनगर अब पूर्वांचल का नया ग्रोथ सेंटर बन रहा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)