पटना स्नातक MLC चुनाव में JDU में दो फाड़! अनंत सिंह vs नीरज कुमार की लड़ाई में भाई वीरेंद्र ने नीतीश-निशांत को किया अलर्ट
बिहार में 8 सीटों पर MLC चुनाव से पहले JDU में घमासान। पटना स्नातक सीट पर जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ उसी पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह जन सुराज के अनुज सिंह का प्रचार कर रहे हैं। इस पर RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा- जेडीयू में सेंध लग चुकी है, नीतीश और निशांत को जागना होगा, नहीं तो पार्टी टूट जाएगी। इशारा ललन सिंह और संजय झा की ओर।
पटना। बिहार की 8 सीटों पर होने वाले MLC चुनाव से पहले सियासी पारा हाई है, खासकर पटना स्नातक सीट पर जेडीयू में खुलकर दो फाड़ दिख रहा है। अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच की जंग पर अब विपक्ष की भी नजर है।
भाई वीरेंद्र ने नीतीश-निशांत को चेताया
मनेर से RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि अगर JDU को बचाना है तो नीतीश कुमार और निशांत कुमार को एक्टिव होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा, "मैं नाम नहीं लूंगा, लेकिन पटकथा पहले लिखी जा चुकी है। जेडीयू में सेंध लग गया है, धराशायी कब होगा देखते रहिए। नीतीश जी से आग्रह है, जैसे गांव में चौकीदार जगाता था, वैसे आप और निशांत जाग जाइए और पार्टी बचाइए।"
भाई वीरेंद्र का सीधा इशारा ललन सिंह और संजय झा की तरफ था। उन्होंने कहा कि दोनों का एक ही लक्ष्य है - JDU को तोड़ना।
अनंत सिंह का ऐलान - नीरज को नहीं जीतने दूंगा
दरअसल, पटना स्नातक सीट पर JDU ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन उसी पार्टी के मोकामा विधायक अनंत सिंह उनके खिलाफ हैं। अनंत सिंह जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं और खुलकर कह रहे हैं कि वो नीरज कुमार को किसी हाल में जीतने नहीं देंगे।
ललन सिंह ने झाड़ा पल्ला
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने मुंगेर सांसद ललन सिंह को इस झगड़े को सुलझाने का जिम्मा दिया था। कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी कहा कि ललन सिंह मामला देख रहे हैं, लेकिन ललन सिंह ने खुद कहा कि वो इसमें कुछ नहीं कर सकते, वो अनंत सिंह के साथ हैं और उन्हें सही ठहरा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)