दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग हादसा, एक की मौत - अमित शाह ने रद्द किया गोवा दौरा
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई घायल हैं। हादसे के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने अपना गोवा दौरा रद्द कर दिया है। NDRF और स्थानीय प्रशासन रेस्क्यू में जुटा है, जबकि इमारत मालिक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
नई दिल्ली - दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक शख्स की जान चली गई है, जबकि 3 से 5 लोगों के घायल होने की खबर है। मलबे में 25 से 30 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपना गोवा का कार्यक्रम रद्द कर दिया। उन्हें आज गोवा के चिम्बेल में बीजेपी के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करना था।
गृहमंत्री ने X पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री, पुलिस कमिश्नर और NDRF के DG से बात कर हालात की जानकारी ली है। स्थानीय प्रशासन और NDRF की टीमें तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं और घायलों को मेडिकल मदद दी जा रही है।
सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विसेज के नोडल ऑफिसर बलराज सिंह के मुताबिक अब तक पांच लोगों को एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। मौके पर 17 से ज्यादा एंबुलेंस तैनात हैं और दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस मामले में इमारत के मालिक आनंद बंसल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह राजनीति का समय नहीं, बल्कि रेस्क्यू का समय है। अभी तक तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला गया है, लेकिन कई लोग अभी भी अंदर फंसे हो सकते हैं। उन्होंने बिल्डिंग सेफ्टी और MCD की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार को जवाब देना होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)