MP एथेनॉल घोटाला: खरगे का बीजेपी पर हमला, बोले- 'मध्यप्रदेश बना भ्रष्टाचार का केंद्र, 1200 करोड़ का चावल घोटाला'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने MP में कथित एथेनॉल घोटाले को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने इसे 1200 करोड़ का चावल घोटाला बताया और कहा कि 5 लाख मीट्रिक टन चावल को पोषण योजना से हटाकर एथेनॉल माफिया को दिया गया। खरगे ने MP को भ्रष्टाचार का केंद्र बताते हुए पीएम मोदी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
मध्य प्रदेश में कथित एथेनॉल घोटाले को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर हमला तेज कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बीजेपी पर तीखे आरोप लगाए।
खरगे ने कहा, "मध्यप्रदेश आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट का केंद्र और भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। एक घोटाला खत्म नहीं होता, दूसरा सामने आ जाता है।"
1200 करोड़ के चावल घोटाले का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने एथेनॉल घोटाले को '1200 करोड़ का चावल घोटाला' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस चावल को कुपोषित बच्चों, गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के पोषण के लिए इस्तेमाल होना था, उसे मुनाफे के खेल में इस्तेमाल किया गया।
खरगे के मुताबिक, "5 लाख मेट्रिक टन चावल, राइस मिलरों, एथेनॉल माफिया और भाजपा सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार के इस खेल का हिस्सा बना। भाजपा और सरकारी तंत्र की मिलीभगत से जनता के हक के अनाज पर डाका डाला जा रहा है।"
जमीन घोटाले का भी जिक्र
खरगे ने उज्जैन में जमीन घोटाले का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उन्हीं इलाकों में जमीनों का विस्तार हुआ जहां सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट और हाईवे कॉरिडोर प्रस्तावित थे। इसमें मुख्यमंत्री पर भी सवाल खड़े हुए।
उन्होंने कहा, "व्यापम से शुरू हुई यह लूट, अनगिनत पेपर लीक, भ्रष्टाचार के अनगिनत मामलों के बावजूद आज भी थमी नहीं है। बीजेपी ने मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार का मॉडल बना दिया है और मोदी जी हर बार की तरह बस मौन साधे बैठे रहते हैं।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी-शाह ने सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही की धारणा को सत्ता के अहंकार तले रौंद दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)