MLC Devesh Kumar के इस्तीफे से मंत्री दीपक प्रकाश का रास्ता साफ? NDA की नई सियासी चाल...
पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर छह महीने की संवैधानिक समय-सीमा का संकट। सूत्रों के अनुसार MLC देवेश कुमार शुक्रवार शाम इस्तीफा दे सकते हैं। खाली सीट से दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजकर संकट दूर करने की तैयारी में NDA।
पटना: बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के सामने खड़े संवैधानिक संकट को दूर करने के लिए NDA ने बड़ी सियासी चाल चली है।
सूत्रों के मुताबिक विधान परिषद सदस्य देवेश कुमार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सभापति को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। अगर देवेश कुमार की सीट खाली होती है तो उस पर मंत्री दीपक प्रकाश को विधान परिषद का चुनाव लड़ा कर सदन में भेजा जा सकता है।
क्यों फंसा था मंत्री पद
संविधान के अनुसार कोई भी मंत्री बिना विधायक या MLC बने अधिकतम 6 महीने तक ही पद पर रह सकता है। दीपक प्रकाश मंत्री बनने के बाद अब तक किसी सदन के सदस्य नहीं बन सके थे। पिछली MLC सीट पर मौका नहीं मिलने के बाद उनके सामने सदस्यता की समय-सीमा खत्म होने का खतरा था।
NDA की रणनीति
देवेश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली होने वाली सीट से दीपक प्रकाश को मैदान में उतारने की तैयारी है। इससे मंत्री का पद सुरक्षित हो जाएगा और विपक्ष को हमले का मौका नहीं मिलेगा। सत्ताधारी गठबंधन इसे सरकार में संतुलन बनाए रखने वाला कदम मान रहा है।
विपक्ष कर रहा हमला
विपक्ष पहले से ही दीपक प्रकाश की सदस्यता को लेकर सवाल उठा रहा था। उसका कहना है कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत मंत्री को सदन का सदस्य होना जरूरी है। अगर दीपक प्रकाश MLC बनते हैं तो विपक्ष के इस मुद्दे पर विराम लग जाएगा।
फिलहाल देवेश कुमार के इस्तीफे और उसके बाद होने वाले उपचुनाव पर सबकी नजरें हैं। आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन सियासी गलियारों में इसे मंत्री पद बचाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)