9 मर्डर वाले बयान पर घिरे अनंत सिंह ने दी सफाई, बोले - नीतीश के लिए 9 लोगों को नहीं मारा, मेरे 9 लोग मारे गए थे
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने 9 मर्डर वाले बयान पर दी सफाई। कहा- नीतीश कुमार के लिए 9 लोगों को नहीं मारा, बल्कि नीतीश का साथ देने पर मेरे 9 लोग मारे गए थे। विधान परिषद चुनाव के बीच JDU में घमासान, बयान से सियासी गलियारे में हड़कंप। नीतीश कुमार के लिए कुर्बानी दी, नीरज कुमार ने क्या किया?
पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले JDU में घमासान मचा हुआ है और इसी बीच मोकामा विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने सियासी पारा हाई कर दिया।
शुक्रवार को अनंत सिंह ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा था कि नीतीश कुमार जब कुछ नहीं थे तब से वे उनके साथ खड़े हैं और उनके लिए बहुत कुर्बानी दी है। इसी दौरान उन्होंने "9 मर्डर" का जिक्र कर दिया, जिसके बाद मीडिया में खबर आग की तरह फैल गई।
विवाद बढ़ता देख अनंत सिंह आनन-फानन में पटना पहुंचे और प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी।
अनंत सिंह ने क्या सफाई दी?
मोकामा विधायक ने कहा, "मीडिया में मेरी बात को गलत समझा गया। मैंने यह नहीं कहा कि नीतीश कुमार के लिए मैंने 9 लोगों को मारा है। सच यह है कि जब मैं नीतीश कुमार के साथ हुआ तो मेरे 9 लोग मारे गए थे।"
उन्होंने पूरी कहानी बताते हुए कहा, "जब लालू प्रसाद और नीतीश कुमार साथ थे, तभी मेरे भाई को विधानसभा टिकट मिला था। नीतीश जी ने लालू जी से बात कर टिकट दिलवाया था। जब दोनों अलग हुए तो नीतीश जी और ललन सिंह मेरे पास आए। मैं लालू की पार्टी छोड़कर नीतीश जी के साथ हो गया।"
"नीतीश जी से मिलने के 2 दिन बाद ही तीसरे दिन मेरे 9 लोग मार दिए गए। मुझे गोली लगी, मेरे पिताजी को हार्ट अटैक आ गया और वे दुनिया छोड़ गए। उस वक्त बिहार में लालू प्रसाद की सरकार थी।"
नीरज कुमार पर निशाना
अनंत सिंह ने JDU MLC नीरज कुमार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, "नीरज बोलता है कि उसने ये किया, वो किया। मैंने बताया कि मैंने नीतीश जी के लिए इतनी कुर्बानी दी है, नीरज ने कौन सी कुर्बानी दी है?"
बता दें कि विधान परिषद चुनाव को लेकर JDU में टिकट को लेकर खींचतान चल रही है और अनंत सिंह के इस बयान के बाद पार्टी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)