जमुई कांड पर बीजेपी का पलटवार, प्रवक्ता कुंतल कृष्ण बोले- बिहार में सुशासन है, विपक्ष कर रहा ओछी राजनीति
जमुई में कपल के साथ बदसलूकी के वीडियो वायरल होने के बाद गरमाई सियासत पर बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा बिहार में कानून का राज है, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही सीएम कार्यालय के कर्मचारी पर FIR को लेकर विपक्ष पर ओछी राजनीति का आरोप लगाया।
पटना। बिहार के जमुई में कपल के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद से सूबे की सियासत गरमाई हुई है। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। अब इस पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने बड़ा बयान देकर विपक्ष पर ही हमला बोल दिया है।
किसी को नहीं बख्शा जाएगा - कुंतल कृष्ण
बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा, "बिहार में कानून का राज है। अलग-अलग जिलों में लड़कियों से बदसलूकी के जो वीडियो वायरल हो रहे हैं, उन पर लगातार पुलिस एक्शन हो रहा है।"
उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस जागती है, पुलिस पहले से ही अलर्ट है। लॉ एंड ऑर्डर को दुरुस्त रखने के लिए 36 IPS अधिकारियों को अलग-अलग जिलों का प्रभारी बनाया गया है। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे ऊपर है।
सीएम कार्यालय के कर्मचारी पर FIR
कुंतल कृष्ण ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के आंशुलिपिक कर्मचारी सागर प्रसाद ने जमुई पीड़िता के परिवार की फोटो मुख्यमंत्री के X हैंडल पर डाल दी थी। इस गलती पर खुद सीएम सम्राट चौधरी ने संज्ञान लिया और सचिवालय थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
विपक्ष कह रहा है कि उस कर्मचारी को बलि का बकरा बनाया जा रहा है और सीएम सम्राट चौधरी पर POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर इस्तीफा मांगा जा रहा है।
इस पर कुंतल कृष्ण ने कहा, "विपक्ष ओछी राजनीति कर रहा है। राजद अपने जंगलराज को याद कर ले, तब क्या हालात थे। आज बिहार में सुशासन स्थापित है।"
बता दें कि जमुई की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा है, लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में जुटा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)