BJP की यूथ स्ट्रैटेजी पर मंथन, अध्यक्ष नितिन नवीन ने 45 यंग लीडर्स के साथ की बैठक, Gen-Z नहीं युवा शब्द पर फोकस
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को 45 चुनिंदा युवा नेताओं के साथ बैठक में युवाओं से संवाद और भागीदारी पर मंथन किया। सूत्रों के अनुसार नेताओं ने कहा- Gen-Z शब्द हटाकर युवा शब्द का इस्तेमाल हो, सभी युवाओं को एक कैटेगरी में न रखा जाए, अलग ग्रुप के हिसाब से अलग अप्रोच बने। सुझाव- युवाओं की सुनें भी, पुराने समर्थकों और कैडर को भी नजरअंदाज न करें। 7-8 दिन में सभी सुझाव टीम लीडर को भेजेंगे, आगे फिर बैठक होगी।
नई दिल्ली: बीजेपी ने युवाओं से कनेक्ट के लिए नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। शनिवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने देशभर से आए 45 चुनिंदा युवा नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक की। एजेंडा था - युवाओं के मुद्दे, उनसे संवाद कैसे बढ़े और भागीदारी कैसे बढ़े।
बैठक में मौजूद सूत्रों ने बताया कि कई नेताओं ने एक सुर में कहा - सभी युवाओं को एक ही तराजू में तौलना गलत होगा। युवा भी कई ग्रुप में बंटे हैं, छात्र, पहला वोटर, नौकरी तलाश रहा युवा, स्टार्टअप वाला युवा - सबके लिए अलग भाषा और अलग प्लेटफॉर्म चाहिए।
सबसे दिलचस्प चर्चा शब्दों को लेकर हुई। कई प्रतिभागियों ने कहा - Gen-Z जैसे अंग्रेजी टर्म की जगह सीधा ‘युवा’ शब्द इस्तेमाल किया जाए। यह ज्यादा कनेक्ट करता है और आयु वर्ग विशेष के लिए भी युवा ही ठीक रहेगा।
एक युवा नेता ने कहा, जब हम युवाओं के बीच जाएं तो सिर्फ भाषण देकर न आएं, उनकी सुनें भी। दूसरे ने चेताया, युवा फोकस के चक्कर में पार्टी के पुराने और उम्रदराज समर्थकों को ऐसा न लगे कि उन्हें भुला दिया गया है। बैलेंस जरूरी है।
एक और सुझाव था - कैडर का जोश भी हाई रखना होगा। युवाओं से संवाद के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में भरोसा और उत्साह बना रहे, इस पर भी काम हो।
बैठक में शामिल एक केंद्रीय मंत्री ने माहौल हल्का करते हुए कहा - समय की बात है, धीरे-धीरे सब ठीक हो जाता है।
अब इन सभी 45 नेताओं को 7-8 दिन में अपने लिखित सुझाव टीम लीडर को भेजने को कहा गया है। इन सुझावों के आधार पर पार्टी आने वाले कार्यक्रमों का ब्लू-प्रिंट बनाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)