हाथ में लेदर शू लेकर चर्चा में आए CM सम्राट चौधरी, जानें कहां बना है ये खास जूता, 140 करोड़ में तैयार हुआ क्लस्टर
बिहार के CM सम्राट चौधरी की हाथ में जूता लिए तस्वीर वायरल। ये जूता मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में बने मेगा लेदर, फुटवियर और एक्सेसरीज क्लस्टर में बना है। 140.95 करोड़ की लागत से तैयार क्लस्टर का CM ने उद्घाटन किया, FDDI के साथ MoU साइन। बोले- 2030 से पहले बिहार के लोगों को बिहार में ही मिलेगा रोजगार।
मुजफ्फरपुर/पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जिसमें वे हाथ में लेदर का जूता लिए कारीगर से बात करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के बाद हर कोई पूछ रहा है कि आखिर ये जूता कहां बना है?
तो आपको बता दें, ये जूता बिहार में ही बना है। इसका निर्माण मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर प्रखंड स्थित महवल औद्योगिक क्षेत्र में बने मेगा लेदर, फुटवियर एवं एक्सेसरीज क्लस्टर में हुआ है।
140.95 करोड़ में बना मेगा क्लस्टर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को ही इस मेगा क्लस्टर का उद्घाटन किया था। 140.95 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस क्लस्टर से स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की उम्मीद है।
उद्घाटन के दौरान ही उद्योग विभाग और फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट (FDDI) के बीच एक MoU भी साइन किया गया है, ताकि यहां बनने वाले प्रोडक्ट की क्वालिटी इंटरनेशनल लेवल की हो।
सीएम ने जूता बनाने वाले कारीगर से बात की और क्वालिटी की तारीफ भी की।
CM ने क्या कहा?
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "बिहार के लोगों में प्रतिभा और काम करने की क्षमता है। जरूरत है उन्हें अपने ही राज्य में रोजगार देने की। आज भी करीब 12 लाख लोग बिहार से बाहर मजदूरी करने जाते हैं। हमारी कोशिश है कि 2030 से पहले उन्हें यहीं काम मिल जाए।"
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई नीतियां बना रही है, जिससे निवेश और रोजगार दोनों बढ़ेगा।
डेटा सेंटर में 10 लाख करोड़ निवेश का लक्ष्य
CM ने इस मौके पर डेटा सेंटर को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2030 से पहले राज्य में 1000 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर विकसित करने का लक्ष्य है। हाल ही में पटना में 12 मेगावाट के डेटा सेंटर ने काम शुरू किया है। इस सेक्टर में करीब 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)