मसौढ़ी में बदमाशों का तांडव, 10 लोगों ने युवक को पैर में मारी गोली, PMCH रेफर...
पटना के मसौढ़ी स्थित हरवंशपुर डोमाचक गांव में शुक्रवार शाम 10 बदमाशों ने अरुण कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया। पुरानी मारपीट की रंजिश में हुई इस घटना में पीड़ित के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल को PMCH रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है। गांव में दहशत का माहौल है।
पटना से सटे मसौढ़ी के हरवंशपुर डोमाचक गांव शुक्रवार शाम गोलियों की आवाज से थर्रा उठा। 8 से 10 की संख्या में आए बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते अरुण कुमार नाम के युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में अरुण के पैर में दो गोलियां लगी हैं।
क्या है पूरा मामला?
स्थानीय लोगों के मुताबिक गुरुवार सुबह अरुण कुमार की आसपास के गांव के कुछ लड़कों से मारपीट हुई थी। उसी का बदला लेने के लिए शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे बदमाश हथियार लेकर गांव पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बदमाशों ने पहले अरुण को पकड़कर बेरहमी से पीटा। इसी दौरान 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई। दो गोलियां अरुण के पैर में लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की एक तस्वीर भी सामने आई है जिसमें दो युवक अरुण के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं।
PMCH किया गया रेफर
गोलीबारी के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल अरुण को मसौढ़ी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए PMCH पटना रेफर कर दिया। घटना के बाद अरुण का परिवार डरा-सहमा है।
पुलिस ने बरामद किए खोखे और कारतूस
सूचना मिलते ही मसौढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस मामले में मसौढ़ी डीएसपी 2 कन्हैया प्रसाद सिंह ने बताया, "शाम 6 बजे सूचना मिली थी कि कुछ लड़कों के बीच मारपीट हो रही है। घायल को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।"
परिवार और ग्रामीणों का बयान
घायल के पिता लालाबू पासवान और मां ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीण बबलू और प्रत्यक्षदर्शी रामप्रीत ने बताया कि इलाके में इस तरह की घटना से लोग सहमे हुए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)