अयोध्या में CM योगी का बड़ा ऐलान: भदरसा का नाम बदला, अब 'भरत नगर' कहलाएगा...
CM योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में बड़ा ऐलान किया। बीकापुर के भदरसा नगर पंचायत का नाम अब 'भरत नगर' होगा और खीरौनी सुचित्रागंज का नया नगर 'मां ज्वाला' के नाम पर रखा जाएगा। सीएम ने कहा कि विपक्ष को अयोध्या के विकास से दिक्कत है क्योंकि ये काम उनकी सरकारें नहीं कर पाईं। नाम बदलने के फैसले से स्थानीय लोगों और संत समाज में खुशी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान दो बड़े नामकरण का ऐलान किया है। सीएम योगी ने बीकापुर विधानसभा के भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर 'भरत नगर' करने की घोषणा की है।
अयोध्या की जनसभा में मंच से उन्होंने कहा, "बीकापुर का भदरसा अब भदरसा नहीं रहेगा। इसका नाम भगवान राम के भाई भरत जी और प्रसिद्ध तपस्थली भरत कुंड के नाम पर 'भरत नगर' रखा जाएगा।"
नया नगरपालिका क्षेत्र 'मां ज्वाला' के नाम पर
इसके साथ ही सीएम ने खीरौनी सुचित्रागंज क्षेत्र के नए नगरपालिका क्षेत्र का नाम 'मां ज्वाला' रखने की भी बात कही। इस क्षेत्र को हाल ही में ग्राम पंचायत से नगर पंचायत में अपग्रेड किया गया था।
विपक्ष पर पलटवार
अयोध्या के विकास और नामकरण को लेकर विपक्ष के सवालों पर सीएम योगी ने करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा को इस बात का बुरा लग रहा है कि जो काम वे नहीं कर पाए, वो हमने कर दिया।
उन्हें परेशानी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर क्यों रखा गया, रैन बसेरे का नाम निषादराज गुह के नाम पर क्यों हुआ।
वक्फ के मुद्दे पर बोलते हुए सीएम ने कहा, "श्रृंगवेरपुर धाम वही जगह है जहां पहले वक्फ के नाम पर कब्जा कराया जा रहा था। हमने वहां भगवान राम और निषादराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करवाई है। हम तुष्टिकरण नहीं, सनातन और हर तबके के महापुरुषों का सम्मान कर रहे हैं।"
स्थानीय लोगों में खुशी
मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद अयोध्या और आसपास के इलाकों में संतों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। प्रशासनिक स्तर पर 'भरत नगर' और 'मां ज्वाला' नामकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)