पटना के बाद कटिहार में भी NEET को लेकर बवाल, कलेक्ट्रेट पर पथराव में मजिस्ट्रेट घायल...
NEET पेपर लीक के विरोध में पटना के बाद अब कटिहार में भी छात्रों का उग्र प्रदर्शन हुआ। गुरुवार सुबह सैकड़ों छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और गेट पर पथराव कर दिया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। पथराव में कटिहार अंचल अधिकारी सोनू भगत की आंख में गंभीर चोट आई है। मीडिया कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की खबर है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
कटिहार: NEET-UG पेपर लीक के विरोध में बिहार में आंदोलन तेज हो गया है। पटना के बाद गुरुवार को कटिहार में भी छात्रों ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पथराव और लाठीचार्ज हुआ जिसमें एक मजिस्ट्रेट गंभीर रूप से घायल हो गए।
कलेक्ट्रेट के गेट पर जुटे सैकड़ों छात्र
सुबह से ही सैकड़ों छात्र हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर कटिहार समाहरणालय के गेट पर पहुंच गए। सभी छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के दोनों गेट बंद कर दिए थे।
पटना की घटना के बाद सभी जिलों के एसपी को अलर्ट पर रखा गया था। सूचना मिलते ही कटिहार पुलिस की भारी फोर्स मौके पर पहुंची और कलेक्ट्रेट को चारों तरफ से घेर लिया।
पथराव के बाद लाठीचार्ज, मचा भगदड़
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने कलेक्ट्रेट पर पत्थर फेंक दिए। पुलिस ने तुरंत लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेरा बनाकर छात्रों को खदेड़ना शुरू किया।
अंचल अधिकारी की आंख में गंभीर चोट
पथराव में कटिहार अंचल अधिकारी सोनू भगत की आंख में गंभीर चोट आई है। उनके मुताबिक भीड़ में से अचानक पत्थर आया और चश्मा टूटकर आंख पर लग गया। उनका इलाज जारी है और वे FIR दर्ज कराने की बात कह रहे हैं।
मीडिया से भी बदसलूकी
प्रदर्शन के दौरान कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ भी छात्रों ने बदसलूकी की। पुलिस के कड़ा मोर्चा संभालने के बाद छात्र मौके से भाग गए। फिलहाल कलेक्ट्रेट और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। पटना के बाद कटिहार में हुई इस घटना से साफ है कि NEET मुद्दे पर छात्रों का गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)