NEET पेपर लीक पर बिहार में विरोध तेज, RJD बोली - 'देश में अघोषित इमरजेंसी'
NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद पटना में भी छात्र उग्र प्रदर्शन पर उतरे। इस मुद्दे पर RJD ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने इसे 'अघोषित आपातकाल' बताया और कहा कि छात्रों को राम मंदिर नहीं, नौकरी-रोजगार चाहिए। RJD ने लाठीचार्ज की निंदा की और महागठबंधन के साथ आंदोलन में खड़े होने का ऐलान किया।
पटना: NEET-UG पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन का असर अब बिहार में भी दिख रहा है। बुधवार को पटना में छात्रों ने उसी तर्ज पर उग्र प्रदर्शन किया। इसके बाद विपक्षी दल RJD ने सरकार पर तीखे हमले शुरू कर दिए।
'देश में अघोषित आपातकाल'
RJD के मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने केंद्र की NDA सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, देश में अघोषित इमरजेंसी लग गई है। कांग्रेस के समय प्रेस बिल आया था तो कैबिनेट से फैसला हुआ था। अब कैबिनेट से कुछ नहीं होता, ये तानाशाही है।
उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य के लिए सड़क पर हैं। इन्हें राम मंदिर नहीं चाहिए, इन्हें नौकरी और रोजगार चाहिए। जो मेहनती हैं उन्हें नौकरी नहीं मिल रही। जो लीक पेपर मैनेज कर रहे हैं, वही बड़े अफसर बन रहे हैं।
महागठबंधन छात्रों के साथ
भाई वीरेंद्र ने स्पष्ट किया कि RJD और महागठबंधन इस आंदोलन के साथ खड़ा है। उन्होंने छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को "निंदनीय और शर्मनाक" बताया। 1974 के छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "अब फिर परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। NDA सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लोग सड़क पर उतर गए हैं। नेता नहीं, छात्र उतरे हैं।"
बीजेपी पर पलटवार
बीजेपी विधायकों पर हुए हमले के सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा, "हो सकता है बीजेपी खुद ऐसा करवा रही हो। लड़ने जाओगे और कमजोर रहोगे तो पटकाए ही जाओगे।"
फिलहाल NEET विवाद को लेकर बिहार की सियासत भी गर्म हो गई है। छात्रों का प्रदर्शन जारी है और विपक्ष सरकार से पेपर लीक की CBI जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)