केसरिया से दुश्मनी, शंख नहीं बजने देते थे... इटावा में योगी का सपा पर बड़ा हमला...
इटावा में जनसभा को संबोधित करते हुए CM योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधा। कहा कि पहले सपा कांवड़ यात्रा रोकने की बात करती थी, शंख-घंटा बजने नहीं देती थी और केसरिया कपड़े से उन्हें जन्मजात दुश्मनी है। योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा 'जो 12 बजे सोकर उठेगा उसका भगवान ही मालिक है'। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार में अब यूपी 'उत्सव प्रदेश' बन गया है और इटावा-मैनपुरी के युवाओं को भी नौकरी मिल रही है। इसी दौरान CM ने 604 करोड़ की 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
इटावा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इटावा की जनसभा में समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में कांवड़ यात्रा और हिंदू परंपराओं को निशाना बनाया जाता था।
कांवड़ यात्रा रोकने की बात करते थे
सीएम योगी ने कहा, पहले समाजवादी पार्टी कहती थी कांवड़ यात्रा नहीं होने देंगे। कहते थे शिव भक्त जाएंगे तो दंगा हो जाएगा। ये लोग शंख नहीं बजने देते थे, घंटा नहीं बजने देता था। केसरिया कपड़े से तो सपा को जैसे जन्मजात दुश्मनी है।
उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि ये लोग फिर से आएंगे और "कालरात्रि की ओर" ले जाने का प्रयास करेंगे। ये पहचान का संकट खड़ा करेंगे, जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटेंगे। ये समाज और देश के दुश्मन हैं।
अखिलेश पर तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना योगी ने कहा, "जो व्यक्ति 12 बजे सोकर उठेगा, उसका तो भगवान ही मालिक है। यही यूपी की दुर्गति का कारण था।"
उन्होंने कहा कि अब यूपी उपद्रवग्रस्त प्रदेश नहीं बल्कि 'उत्सव प्रदेश' बन गया है।
डबल इंजन में सबको मौका
योगी ने डबल इंजन सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि अब नौकरी निकलती है तो मैनपुरी और इटावा का नौजवान भी नियुक्ति पत्र पाता है। "बेटी पढ़ेगी तो परिवार में स्वावलंबन का आदर्श प्रस्तुत करेगी और उत्तर प्रदेश का भाग्य भी बनाएगी।"
604 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा
इससे पहले सीएम ने इटावा में 604 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
योगी ने कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में इटावा के युवाओं का अहम योगदान होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)