नेपाल में अब चलेंगे भारत के 200 और 500 के नोट, 25 हजार तक ला-ले जा सकेंगे
नेपाल सरकार ने भारतीय मुद्रा पर लगी पाबंदी में बड़ी राहत दी है। अब नवंबर 2016 के बाद जारी 200 और 500 रुपये के नोट नेपाल में लाए और ले जाए जा सकेंगे। प्रति व्यक्ति सीमा 25,000 रुपये तय की गई है। 9 नवंबर 2016 से पहले के 500 और 1000 के नोट अब भी प्रतिबंधित रहेंगे। नेपाल राष्ट्र बैंक के मुताबिक इससे भारतीय पर्यटकों और सीमा पार व्यापार करने वाले नेपाली नागरिकों को सुविधा होगी। नोटबंदी के बाद से सिर्फ 100 रुपये तक की अनुमति थी।
काठमांडू: नेपाल की बालेन शाह सरकार ने भारतीय मुद्रा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। 2016 की नोटबंदी के बाद से लगी रोक को आंशिक रूप से हटाते हुए अब 200 और 500 रुपये के नए नोटों को नेपाल लाने और वहां से ले जाने की अनुमति दे दी गई है।
क्या है नया नियम
नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) ने नोटिस जारी कर कहा कि 9 नवंबर 2016 के बाद जारी 200 और 500 रुपये के नोट नेपाल में वैध होंगे। लेकिन इसकी अधिकतम सीमा प्रति व्यक्ति 25,000 रुपये ही रहेगी।
वहीं 9 नवंबर 2016 से पहले जारी 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट पहले की तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
NRB के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने बताया कि ये नियम 11 फरवरी को राजपत्र में प्रकाशित कर दिए गए थे। अब इसे लागू करने को लेकर दोबारा स्पष्टता के लिए सूचना जारी की गई है।
किन्हें मिलेगा फायदा
इस फैसले से नेपाल जाने वाले भारतीय पर्यटकों और भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार करने वाले नेपाली नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक नोटबंदी के बाद सिर्फ 100 रुपये तक के नोट लाने-ले जाने की छूट थी।
NRB ने साफ किया कि नेपाली नागरिक भारत के अलावा किसी अन्य देश से भारतीय मुद्रा नहीं ला सकते और न ही भारत के अलावा कहीं और ले जा सकते हैं।
विदेशी मुद्रा की सीमा भी तय
अधिसूचना में कहा गया कि नेपाली नागरिक और विदेशी पर्यटक बिना घोषणा के 5000 अमेरिकी डॉलर तक या उसके बराबर विदेशी मुद्रा ला सकते हैं। इससे ज्यादा होने पर एयरपोर्ट पर घोषणा जरूरी होगी।
भारत ने 8 नवंबर 2016 को 500 और 1000 के नोट बंद किए थे। इसके बाद नेपाल ने भी पुरानी भारतीय मुद्रा के इस्तेमाल पर सख्ती कर दी थी। अब 200 और 500 के नए नोटों को मंजूरी मिलने से दोनों देशों के बीच यात्रा और सीमा पार लेनदेन आसान होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)