IRCTC घोटाले में आज लालू परिवार की कोर्ट में पेशी, चार्ज फ्रेम के बाद तेजस्वी पर क्या पड़ेगा असर? ब्रांड तेजस्वी को खतरा!
IRCTC घोटाले में आज दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई है। कोर्ट लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत 9 लोगों पर आरोप तय करने की प्रक्रिया पूरी करेगा। जज खुद आरोप पढ़कर सुनाएंगे। चार्ज फ्रेम के बाद तेजस्वी को बार-बार कोर्ट में पेश होना पड़ेगा, जिससे 'ब्रांड तेजस्वी' की छवि को नुकसान और महागठबंधन में कांग्रेस को मौका मिल सकता है।
नई दिल्ली/पटना। IRCTC घोटाला मामले में आज शनिवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में बड़ी सुनवाई है। कोर्ट लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत 9 आरोपियों पर चार्ज फ्रेम की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगा।
क्या होता है चार्ज फ्रेम में?
कानून के मुताबिक जज आरोपियों के सामने खुद सारे आरोप पढ़कर सुनाते हैं और पूछते हैं - क्या आप आरोप स्वीकार करते हैं या ट्रायल फेस करेंगे? जाहिर है सभी ट्रायल की ही बात कहेंगे। इसका मतलब है कोर्ट को मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत मिले हैं। अब गवाहों के बयान, जिरह और सबूतों की जांच होगी। आज लालू, राबड़ी और तेजस्वी पहली बार चार्ज फ्रेम के बाद कोर्ट में पेश हो सकते हैं।
'ब्रांड तेजस्वी' को नुकसान!
लालू यादव अब चुनाव नहीं लड़ सकते, राबड़ी विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष हैं। ऐसे में तेजस्वी ही लालू के राजनीतिक वारिस और CM फेस हैं।
फौरी तौर पर तेजस्वी पर कोई कानूनी संकट नहीं, फैसला आने में वक्त लगेगा। लेकिन बार-बार कोर्ट की पेशी से राजद जो 'ब्रांड तेजस्वी' गढ़ रहा है, उसको झटका लग सकता है। विपक्ष सवाल उठाएगा - जो नेता भ्रष्टाचार के केस में ट्रायल फेस कर रहा है, वो यूथ लीडर कैसे?
कांग्रेस के लिए मौका, परिवार में भी घमासान?
अभी महागठबंधन में RJD सबसे मजबूत है। लेकिन अगर केस से तेजस्वी कमजोर हुए तो कांग्रेस को बिहार में अपनी खोई जमीन वापस पाने का मौका मिल जाएगा। उसके पुराने मुस्लिम-दलित वोटर जो अब RJD के साथ हैं, उन्हें कांग्रेस वापस लाने की कोशिश करेगी।
वहीं RJD के अंदर भी नेतृत्व को लेकर संघर्ष छिड़ सकता है। रोहिणी आचार्य की वापसी के बाद घर के अंदर भी और पार्टी के अंदर भी दोतरफा लड़ाई की आशंका है। फिलहाल चार्ज फ्रेम से कोई दोषी नहीं होता, ये सिर्फ ट्रायल शुरू होने की प्रक्रिया है। असली भविष्य ईडी स्पेशल कोर्ट के अंतिम फैसले पर टिका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)