PK को 24 घंटे में झटका! तिरहुत में MLC प्रत्याशी भूषण झा ने छोड़ा जन सुराज, बोले- जो PK कहें वही बोलना पड़ा
बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले जन सुराज को बड़ा झटका लगा है। तिरहुत शिक्षक सीट से प्रत्याशी बनाए गए भूषण कुमार झा ने 24 घंटे के अंदर ही पार्टी छोड़ दी और निर्दलीय लड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुजफ्फरपुर। बिहार में विधान परिषद चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा झटका लगा है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के घोषित प्रत्याशी भूषण कुमार झा ने उम्मीदवार बनने के 24 घंटे के अंदर ही पार्टी छोड़ दी है।
उन्होंने जन सुराज से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है और प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
माड़ीपुर के होटल में क्या हुआ था?
भूषण झा ने अपने प्रेस बयान में कहा कि 24 सितंबर को कुछ अखबारों और यूट्यूब चैनलों पर उन्हें जन सुराज का उम्मीदवार बनाए जाने की खबर आई थी। इसके बाद 25 सितंबर को मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित एक होटल में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में एक सभा रखी गई थी, जिसमें उन्हें तिरहुत सीट के उम्मीदवार के तौर पर बुलाया गया था।
वो अपने साथ एक दर्जन शिक्षक साथियों के साथ मीटिंग में पहुंचे थे।
भूषण झा का आरोप है कि जब मीटिंग में उन्हें बोलने के लिए कहा गया तो उनके साथ आए शिक्षकों को वीडियो रिकॉर्ड करने से रोक दिया गया। उन पर दबाव बनाया गया कि वे वही बोलें जो प्रशांत किशोर कहें। भूषण झा ने इस व्यवहार को अपमानजनक बताया।
शिक्षकों से राय लेकर लिया फैसला
भूषण झा ने कहा कि मीटिंग से बाहर निकलने के बाद उन्होंने सैकड़ों शिक्षक साथियों से बात की। ज्यादातर शिक्षकों ने उन्हें स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने जन सुराज छोड़ने का फैसला किया।
कौन हैं भूषण कुमार झा?
भूषण कुमार झा कोई नया नाम नहीं है। वो तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व विधान पार्षद प्रत्याशी रह चुके हैं और Teachers of Bihar – The Change Makers संगठन से जुड़े हैं। शिक्षक वोटरों में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
उनके निर्दलीय मैदान में उतरने से जन सुराज के साथ-साथ JDU और अन्य दलों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अब देखना होगा कि जन सुराज इस सीट पर किसे नया उम्मीदवार बनाती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)